
रायपुर, द मीडिया पॉइंट। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां तस्करी के लिए बेहद हाईटेक तरीका अपनाया जा रहा था। आरोपी कोरियर के जरिए बीपी मशीन के अंदर कोकीन छिपाकर मंगवाता था और शहर में सप्लाई करता था।
पुलिस को 19 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि देवेन्द्रनगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-5 स्थित नारायणा हॉस्पिटल के पास एक व्यक्ति कार में मादक पदार्थ लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और देवेन्द्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोपाल कृष्ण अग्रवाल, निवासी शंकर नगर, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके वाहन से एक कोरियर पैकेट बरामद हुआ। जब पैकेट खोला गया, तो उसमें बीपी मशीन के अंदर छिपाकर रखी गई कोकीन मिली।पुलिस ने आरोपी के पास से 4.55 ग्राम कोकीन (कीमत लगभग 2.27 लाख रुपए), एक ग्रैंड विटारा कार, एक आईफोन समेत कुल करीब 20.27 लाख रुपए का सामान जब्त किया है।
इस मामले में देवेन्द्र नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22बी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों की तलाश कर रही है। साथ ही संबंधित कोरियर कंपनी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
