
बलौदाबाजार, द मीडिया पॉइंट। जिले में धान खरीदी के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समिति प्रबंधक के फरार भाई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।मामला पलारी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, धान खरीदी केंद्र खरतोरा में जांच के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया था। समिति प्रबंधक ने अपने भाई के साथ मिलकर बिना धान खरीदी केंद्र में लाए ही टोकन जारी कर तौल पत्रक तैयार किया और ऑनलाइन प्रविष्टि कर भुगतान भी हासिल कर लिया।इस पूरे मामले में शासन को आर्थिक नुकसान हुआ था। शिकायत मिलने के बाद 23 जनवरी 2026 को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, कोदवा शाखा के प्रबंधक संजय कुमार वर्मा ने पलारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जांच में पाया गया कि 21 जनवरी 2026 को आरोपी ने अपने भाई संतोष कुमार गेंडरे के नाम पर 53 कट्टा (करीब 21.20 क्विंटल) धान का फर्जी रिकॉर्ड तैयार कर लगभग 50,200 रुपए का भुगतान प्राप्त कर लिया।मामले में पहले ही समिति प्रबंधक को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि उसका भाई फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
एसपी भावना गुप्ता के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर संतोष कुमार गेंडरे (56 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ग्राम खैरा, थाना पलारी का निवासी है और वर्तमान में रायपुर में रह रहा था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
