
दुर्ग, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भरोसे को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बेटी ने ही अपने पिता के घर से सोने के जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है।मामला भिलाई भट्ठी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 21 जनवरी को प्रार्थी एम. नचैयां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 जनवरी को उनके घर से करीब 8 लाख 59 हजार रुपए के सोने के आभूषण चोरी हो गए हैं। जांच के दौरान शक की सुई उनकी बेटी पर ही जा पहुंची।पुलिस ने आरोपी युवती एम. श्यामला (26 वर्ष), निवासी सेक्टर-2, भिलाई भट्ठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में युवती ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपिया ने बताया कि चोरी किए गए जेवरों का एक हिस्सा उसने फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर पैसे प्राप्त किए, जबकि बाकी आभूषण अपने पास ही रखे थे।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 7 तोला सोना बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपए बताई जा रही है।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
