लोरमी, छत्तीसगढ़, द मीडिया पॉइंट। लोरमी थाना अंतर्गत खुड़िया चौकी क्षेत्र में छह महीने पहले दर्ज गुमशुदगी का मामला अब हत्या में बदल गया है। मृतका की पहचान सुखमति बैगा, निवासी ग्राम बांकल के रूप में हुई है। इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की प्रारंभिक लापरवाही पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, रूपसिंह पोर्ते ने अपनी विवाहित बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट लगभग छह महीने पहले खुड़िया चौकी में दर्ज कराई थी। उस समय चौकी प्रभारी ने यह कहकर परिजनों को आश्वस्त कर दिया था कि युवती देवेन्द्र जायसवाल (पिता केशव जायसवाल, निवासी दरवाजा) के साथ भाग गई है और दोनों ने शादी कर ली है।

इसके बाद 28 फरवरी 2026 को देवेन्द्र जायसवाल एवं अन्य लोगों द्वारा युवती को उसके पूर्व पति के घर छोड़ा गया। पूर्व पति द्वारा सामाजिक लोगों को बुलाने की बात कहे जाने पर आरोपी पक्ष मौके से फरार हो गया। उसी रात करीब 12 बजे युवती भी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। इसकी सूचना फिर से खुड़िया चौकी को दी गई, लेकिन पुलिस ने मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

21 मार्च 2026 की सुबह बोड़ला पुलिस द्वारा सूचना मिलने पर परिजन कवर्धा जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान सुखमति बैगा के रूप में की। पुलिस के अनुसार, युवती की हत्या कर शव को बोड़ला क्षेत्र के रानी दहरा वॉटरफॉल में फेंक दिया गया था।

परिजनों ने सीधे तौर पर देवेन्द्र जायसवाल को ही मुख्य आरोपी बताया है, जो वर्तमान में फरार है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी का लोकेशन पुणे में मिलने की बात सामने आ रही है।बताया जा रहा है कि घटना से दो दिन पहले ही देवेन्द्र जायसवाल को बोड़ला-चिल्फी घाटी रोड पर रात करीब 1 बजे गश्त कर रही पुलिस टीम ने संदिग्ध हालत में बिना शर्ट के घूमते हुए देखा था। उस समय पुलिस द्वारा उसकी तस्वीर भी ली गई थी। गौरतलब है कि मृतका पहले इसी युवक के साथ घर से भागी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन से त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। उन्होंने खुड़िया चौकी की शुरुआती लापरवाही को इस घटना की एक बड़ी वजह बताया।

फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई के लिए शव को राजनांदगांव भेज दिया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मुख्य आरोपी सहित सभी संलिप्त लोगों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस जघन्य घटना से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

By Kunaal Singh Thakur

KUNAL SINGH THAKUR HEAD (प्रधान संपादक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! You are not allowed to copy this page, Try anywhere else.