रायपुर, द मीडिया पॉइंट। रायपुर पुलिस ने फॉरेन टूर के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीसरे सदस्य को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अमन शर्मा (18) को कोलकाता से पकड़ा गया है। इससे पहले पुलिस ने गिरोह के दो अन्य सदस्यों को वारदात के दस दिनों के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोपी अमन शर्मा मूल रूप से हरियाणा के रेवाड़ी का रहने वाला है और हाल में लखनऊ में रह रहा था।पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है।

आरोपियों ने महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश सहित कई राज्यों में पिछले दो वर्षों के दौरान ठगी की 22 वारदातों को अंजाम दिया है। इन मामलों में करीब तीन करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की ठगी की गई है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है जहां गुरुनानक नगर निवासी ट्रेवल्स व्यवसायी हरदीप सिंह ने लंदन टूर के लिए होटल बुकिंग के नाम पर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपियों ने उसे झांसे में लेकर डॉलर में बड़ी रकम हड़प ली थी।इस मामले में पहले आरोपी प्रोसेनजित चक्रवर्ती (पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब साढ़े चार लाख रुपये बरामद किए गए थे। इसके बाद दूसरे आरोपी मयंक शर्मा को पकड़ा गया। अब तीसरे आरोपी अमन शर्मा की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने गिरोह के नेटवर्क को काफी हद तक उजागर कर दिया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत ठगी और संगठित अपराध का मामला दर्ज किया है। एडिशनल एसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल और एसीपी सिविल लाइंस रमाकांत साहू ने बताया कि गिरोह फॉरेन टूर के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करता था। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा संबंधित राज्यों को भी आरोपियों की गतिविधियों की जानकारी भेजी जा रही है ताकि अन्य मामलों में भी कार्रवाई की जा सके।

By Kunaal Singh Thakur

KUNAL SINGH THAKUR HEAD (प्रधान संपादक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! You are not allowed to copy this page, Try anywhere else.