
कटघोरा, द मीडिया पॉइंट। कटघोरा क्षेत्र में स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में एक गंभीर घटना सामने आई है। छात्रावास के रसोइए ने कथित तौर पर नशे की हालत में एक छात्र पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया, जिससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह मामला कोरबा जिले के छुरी स्थित छात्रावास का है जहां रसोइया एवं चपरासी का कार्य कर रहा केसर दुबे ने कक्षा छठवीं के छात्र पुष्पेंद्र कंवर पर हमला कर दिया। हमले में छात्र की आंख के ऊपर गंभीर चोट आई। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे घर ले गए।
बताया जा रहा है कि छात्रावास अधीक्षक के अवकाश पर होने का फायदा उठाकर आरोपी बच्चों के साथ दुर्व्यवहार करता था। उस पर मारपीट और अवैध वसूली जैसे आरोप भी लगे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सहायक आयुक्त (ट्राइबल) से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने आरोपी रसोइए को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
