
दुर्ग, द मीडिया पॉइंट। दुर्ग जिले के धमधा ब्लॉक के खिलोरा खुर्द गांव में भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। खेतों में लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और करीब 500 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल को जलाकर राख कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि किसानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ ही घंटों में महीनों की मेहनत से तैयार फसल पूरी तरह खाक हो गई, जिससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
आग की लपटें गांव तक पहुंच गईं, जिससे खलिहान में बंधे कई पशु भी इसकी चपेट में आ गए। कई जानवर बुरी तरह झुलस गए हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस दृश्य ने गांव में दहशत और दुख का माहौल बना दिया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अगर समय पर राहत नहीं मिलती, तो नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा के कारण आग तेजी से एक खेत से दूसरे खेत तक फैलती चली गई। किसानों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटों की तीव्रता के सामने वे बेबस नजर आए।फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह लापरवाही या पराली जलाने को माना जा रहा है। इस घटना के बाद इलाके के किसानों में चिंता और मायूसी साफ दिखाई दे रही है।
