
दुर्ग, द मीडिया पॉइंट। दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। खुर्शीपार थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 43.14 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 8.65 लाख रुपये आंकी गई है।29 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि मिनी स्टेडियम के पास सुलभ शौचालय के नजदीक कुछ लोग अवैध रूप से नशे का कारोबार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को दबोच लिया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 43.14 ग्राम हेरोइन के अलावा 3,640 रुपये नकद और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 8.90 लाख रुपये बताई गई है।
इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21(क) और 27(क) के तहत केस दर्ज किया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।गिरफ्तार आरोपियों में विजय सिंह, मीर नौशाद अली और सुरेंद्र क्षत्रिय शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी विजय सिंह पंजाब के अमृतसर से दुर्ग तक नशे की सप्लाई चेन से जुड़ा हुआ था।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
