
बिलासपुर, द मीडिया पॉइंट। शहर में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खमतराई स्थित शिवा विहार कॉलोनी में बुलडोजर चला दिया। यहां बिना अनुमति प्लॉट काटकर निर्माण किए जा रहे थे, जिस पर निगम की टीम ने सख्त एक्शन लिया। नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर भवन शाखा की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। इस दौरान 30 से ज्यादा बाउंड्रीवाल, अवैध रूप से बनी सीसी सड़कें और प्लिंथ लेवल तक तैयार करीब 50 निर्माणों को जेसीबी से तोड़ दिया गया।
जांच में सामने आया कि करीब 50 एकड़ क्षेत्र में बिना अनुमति प्लॉटिंग की जा रही थी और धीरे-धीरे निर्माण भी शुरू हो गया था। हालांकि, जिन 18 मकानों में लोग रह रहे थे उन्हें फिलहाल नहीं तोड़ा गया है। अधिकारियों के मुताबिक इन मामलों में अलग से कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।निगम अधिकारियों ने बताया कि भूमाफियाओं ने इस पूरे मामले में चालाकी से काम किया। किसानों से जमीन खरीदने के बाद उसे अपने नाम पर रजिस्ट्री कराने के बजाय सीधे खरीदारों के नाम पर रजिस्ट्री करवाई जा रही थी जिससे मौके पर किसी डेवलपर या दलाल के स्पष्ट दस्तावेज नहीं मिल सके।
भवन अधिकारी अनुपम तिवारी ने बताया कि शिवा विहार में अवैध रूप से बनाई गई सड़क, नाली और अन्य निर्माणों को हटाया गया है। इससे पहले भी यहां कार्रवाई की जा चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद अवैध प्लॉटिंग जारी थी।
राजस्व रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 25 खसरा नंबरों की जमीन को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर 300 से ज्यादा प्लॉट तैयार कर बेचे गए थे। प्लॉट बेचने के लिए मौके पर सड़क और बाउंड्रीवाल जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई थीं जबकि इसके लिए नगर निगम या टाउन एंड कंट्री प्लानिंग से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। नगर निगम ने साफ किया है कि शहर में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
