
बलौदाबाजार, द मीडिया पॉइंट। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामले में अज्ञात बदमाशों ने एक कार का शीशा तोड़कर उसकी बैटरी चोरी कर ली, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। मिली जानकारी के अनुसार, गौरव पथ इलाके में सोमवार रात घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाया गया।
बदमाशों ने पहले कार का कांच तोड़ा और फिर बोनट खोलकर बैटरी निकालकर फरार हो गए। सुबह जब वाहन मालिक ने गाड़ी देखी तो वह क्षतिग्रस्त हालत में मिली, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।बताया जा रहा है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी इलाके में कई कारों के शीशे तोड़कर बैटरी चोरी की वारदात सामने आ चुकी है। इनमें दिवंगत कांग्रेस नेता रूपेश ठाकुर की कार को भी निशाना बनाया गया था।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग काफी चिंतित हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
