
राजनांदगांव, द मीडिया पॉइंट। बसंतपुर थाना क्षेत्र में चल रहे एक फर्जी मैरिज ब्यूरो का पुलिस ने खुलासा किया है। “लव लाइफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” के नाम से चल रहे इस ठगी रैकेट के दो संचालकों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने एक साल में 37 लाख 69 हजार रुपये से ज्यादा की ठगी की है।
मामले की जानकारी मिलते ही अंकिता शर्मा के निर्देश पर पुलिस ने जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन की निगरानी में कार्रवाई की गई। अपराध की पुष्टि होने पर बसंतपुर थाना में केस दर्ज कर टीम ने छापेमारी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों में नेहा पाठक (23) और धर्मेंद्र मानिकपुरी (32) शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों इंटरनेट से लड़कियों की फोटो डाउनलोड कर फर्जी प्रोफाइल बनाते थे। करीब 2200 से ज्यादा नकली आईडी बनाकर युवकों को व्हाट्सएप के जरिए झांसा दिया जाता था।
आरोपी युवकों को “अच्छा रिश्ता दिलाने” का लालच देकर संपर्क करते थे और रजिस्ट्रेशन, पैकेज और फैमिली मीटिंग के नाम पर 30 से 40 हजार रुपये तक वसूलते थे। पैसे मिलने के बाद आरोपी संपर्क तोड़ देते थे।पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 स्मार्टफोन, 14 कीपैड मोबाइल और कई रजिस्टर जब्त किए हैं, जिनमें ठगी से जुड़े रिकॉर्ड मिले हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन मैरिज ब्यूरो या सोशल मीडिया पर मिलने वाले रिश्तों पर बिना जांच-पड़ताल के भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
