
बलरामपुर, द मीडिया पॉइंट। पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 13 साल से फरार चल रहे नक्सली मुन्ना कोरवा को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी लंबे समय से जंगलों में छिपकर पुलिस से बचता फिर रहा था। पुलिस के मुताबिक, मुन्ना कोरवा पर बंधक बनाकर मारपीट करने और हत्या की नीयत से गोली चलाने जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं। साल 2012 में हुई इस वारदात के बाद से वह फरार चल रहा था। जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने लातेहार निवासी लखू यादव को ग्राम पुन्दाग में अगवा कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की थी। नक्सली दस्ता के सदस्य इकबाल यादव के निर्देश पर उसे जान से मारने की कोशिश में गोली भी चलाई गई थी, हालांकि पीड़ित किसी तरह मौके से बच निकलने में सफल रहा।
इस मामले में सामरीपाठ थाने में आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया था। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, जिसके चलते न्यायालय ने उनके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया था। हाल ही में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुन्ना कोरवा झारखंड के भंडरिया थाना क्षेत्र के तेहड़ी इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर झारखंड में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सामरीपाठ लाया गया, जहां से उसे न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य फरार आरोपियों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
