रायपुर, द मीडिया पॉइंट। राजधानी रायपुर के ग्राम सेमरिया स्थित संतोष अग्रवाल ग्रोथ अकैडमी एवं कोपलवाणी मुखबधिर दिव्यांग संस्थान में सक्षम महिला आयाम छत्तीसगढ़ प्रांत का वार्षिक कार्यक्रम “महिला सम्मान समारोह” बेहद भव्य और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 101 महिलाओं को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ कई विशिष्ट अतिथि और सामाजिक कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान सम्मानित महिलाओं को कोपलवाणी संस्थान के दिव्यांग विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई बस्तर की पारंपरिक चित्रकला भेंट की गई। इस पहल ने कार्यक्रम को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया। दिव्यांग बच्चों की इस रचनात्मक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और कार्यक्रम की गरिमा को और ऊंचाई दी।कार्यक्रम में सक्षम प्रांत के संगठन मंत्री रामजी राजवाड़े ने “पंच परिवर्तन” विषय पर अपना उद्बोधन दिया। उन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया और संगठन की भूमिका को विस्तार से बताया।वहीं, डॉ. नम्रता सिरमौर ने “जागरूक परिवार, स्वस्थ शिशु” विषय पर व्याख्यान देते हुए परिवार और महिलाओं की भूमिका को बच्चों के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।मुख्य अतिथि कौशल्या साय ने अपने संबोधन में सक्षम संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के प्रति समाज की जिम्मेदारी को समझना जरूरी है और उनके समावेशी विकास के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि महिला सशक्तिकरण समाज के विकास की नींव है और महिलाओं की भागीदारी से ही दिव्यांगजनों का सर्वांगीण विकास संभव है।

कार्यक्रम के अंत में सक्षम परिवार की ओर से मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन न केवल महिलाओं के सम्मान का मंच बना, बल्कि समाज में सेवा, संवेदनशीलता और जागरूकता का सशक्त संदेश भी देकर गया।इस अवसर पर शताब्दी पांडेय, श्रीराम राजवाड़े, डॉ. सुरेंद्र शुक्ला, आनंद सिंघानिया, जैनेन्द्र जैन, अनूप पांडे, अंजली चावड़ा, इंदिरा जैन, पदमा शर्मा, शरद चंद्रा और डॉ. नम्रता सिरमौर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

By Kunaal Singh Thakur

KUNAL SINGH THAKUR HEAD (प्रधान संपादक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! You are not allowed to copy this page, Try anywhere else.