
खैरागढ़, द मीडिया पॉइंट। एटीएम मशीन को निशाना बनाकर रातों-रात पैसे हासिल करने की कोशिश करने वाला आरोपी पुलिस की त्वरित कार्रवाई के आगे ज्यादा देर तक नहीं टिक पाया। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल को उदयपुर क्षेत्र स्थित एक एटीएम में तोड़फोड़ की घटना सामने आई। मशीन की देखरेख करने वाले कर्मचारी ने जब एटीएम बंद पाया और अंदर जाकर देखा, तो मशीन और लॉबी में तोड़फोड़ के स्पष्ट निशान मिले। इससे यह अंदाजा लगाया गया कि किसी ने पूरी योजना के साथ नकदी निकालने का प्रयास किया था लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के चलते वह सफल नहीं हो सका।घटना की सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, आसपास की गतिविधियों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध की पहचान की।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधि करते हुए पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी चंपालाल जंघेल (40 वर्ष), निवासी ग्राम उदयपुर ने एटीएम में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में उपयोग किए गए औजार भी बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि वर्तमान समय में एटीएम मशीनें अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली से लैस होती हैं जिनमें निगरानी कैमरे, अलार्म और डिजिटल निगरानी जैसे कई स्तर शामिल होते हैं। ऐसे में इस तरह की घटनाएं जल्द ही कानून के दायरे में आ जाती हैं।

