
डोंगरगढ़, द मीडिया पॉइंट। नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है जहां एक महिला से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई। मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम अछोली निवासी 33 वर्षीय महिला ललिता सिंह ने थाना डोंगरगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि नवंबर 2025 में आशीष पुर्ती और उसके साथी काली राम पारकर, निवासी जिला दुर्ग, ने उसे एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में काउंसलर पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।आरोपियों ने इसके बदले कुल 4 लाख रुपये की मांग की और अग्रिम के रूप में 2 लाख रुपये ले लिए। पीड़िता का आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपियों ने न तो नौकरी दिलाई और न ही पैसे वापस किए। लंबे समय तक टालमटोल के बाद जब धोखाधड़ी का एहसास हुआ, तब पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी आशीष पुर्ती (43 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 04, अंश होटल के पीछे, डोंगरगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 14 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नौकरी के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
