
धमतरी, द मीडिया पॉइंट। जिले के नगरी क्षेत्र में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 से अधिक अवैध मकानों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।जानकारी के अनुसार, नगरी के गोंदला नाला गांव में लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। प्रशासन की ओर से कब्जाधारियों को कई बार नोटिस और अंतिम चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद अवैध कब्जा नहीं हटाया गया।
नोटिस की अनदेखी के बाद आज वन विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर के माध्यम से अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
