
रायगढ़, द मीडिया पॉइंट। जिले के कापू थाना क्षेत्र में ढाई साल के एक बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि इस वारदात में बच्चे की मां ही आरोपी है जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में महिला ने बच्चे के लापता होने की सूचना देकर मामले को अपहरण का रूप देने की कोशिश की थी। हालांकि जांच के दौरान उसके बयान में कई विरोधाभास सामने आए, जिसके बाद पुलिस ने विस्तृत पूछताछ शुरू की। जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई पूछताछ में महिला ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्चे की हत्या कर शव को जंगल क्षेत्र में फेंक दिया था, ताकि घटना को छिपाया जा सके।इसके बाद पुलिस टीम आरोपी के बताए स्थान पर पहुंची, जहां से बच्चे का शव बरामद किया गया। मौके से कुछ अहम साक्ष्य भी जुटाए गए हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि गंभीर अपराधों में पुलिस सख्ती से कार्रवाई कर रही है और वैज्ञानिक जांच के जरिए सच्चाई सामने लाई गई है। फिलहाल पुलिस आरोपी महिला के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
