
कोरबा, द मीडिया पॉइंट। इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में सोमवार को केमिकल टैंक फटने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि समय रहते सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में उत्पादन प्रक्रिया के दौरान टैंकर के माध्यम से लाया गया तरल रसायन टैंक में भरा जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक टैंक में विस्फोट हो गया, जिससे आसपास धुआं फैल गया और गर्म पदार्थ बाहर निकलने लगा। घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तत्परता दिखाते हुए पानी और फोम का छिड़काव कर स्थिति को नियंत्रित किया।
फायर कर्मियों के अनुसार, समय पर कार्रवाई के चलते आग या किसी बड़े नुकसान की स्थिति नहीं बनी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय यदि कोई कर्मचारी टैंक के पास होता, तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और औद्योगिक मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन किया जाता, तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था।फिलहाल प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है और फैक्ट्री प्रबंधन से आवश्यक जानकारी ली जा रही है।
