
कवर्धा, द मीडिया पॉइंट। कबीरधाम जिले में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी क्लीनिक की आड़ में आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित कर रहा था। उसके पास से मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, थाना कवर्धा की टीम गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि बस स्टैंड स्थित एक क्लीनिक में एक व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा चला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने टीम बनाकर मौके पर दबिश दी। वहां मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम नीलकमल अधिकारी (43 वर्ष), निवासी मुर्शीदाबाद (पश्चिम बंगाल) हाल मुकाम कवर्धा बताया।तलाशी के दौरान उसके पास से मोबाइल फोन मिला। जांच में पता चला कि वह अलग-अलग आईडी के जरिए आईपीएल मैचों में हर ओवर और हार-जीत पर दांव लगवा रहा था। पुलिस ने मोबाइल से संबंधित सभी डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कर लिए हैं।आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है।इधर, रायगढ़ पुलिस ने भी हाईटेक तरीके से चल रहे एक बड़े क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का खुलासा किया है। इस मामले में मुख्य सरगना देव बंसल को रायपुर से गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि पूरा नेटवर्क डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित हो रहा था, जिसमें कई राज्यों तक इसका विस्तार था।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सट्टा और जुआ जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें और ऐसी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें।
