
तखतपुर, द मीडिया पॉइंट। क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले से दहशत फैल गई है। गुरुवार सुबह कुत्तों ने अलग-अलग जगहों पर कई लोगों को निशाना बनाया, जिसमें बच्चे भी शामिल हैं। लगातार हुए हमलों में 16 लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।जानकारी के मुताबिक, नगर के साथ-साथ आसपास के गांव भथरी और पचबहरा में भी कुत्तों ने लोगों पर हमला किया। घायल सभी लोगों को तखतपुर से करीब 7 किलोमीटर दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, सभी घायलों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया। हालांकि, जिन मरीजों के घाव ज्यादा गंभीर थे, उन्हें आवश्यक सीरम नहीं मिल सका, क्योंकि अस्पताल में इसकी उपलब्धता नहीं थी।डॉक्टरों ने बताया कि सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन इस तरह की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। आशंका जताई जा रही है कि एक से अधिक कुत्ते इस हमले में शामिल हो सकते हैं, जो अब भी इलाके में घूम रहे हैं।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे पर काबू पाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकी जा सकें।
