
रायपुर, द मीडिया पॉइंट। राजधानी में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी बीटेक डिग्रीधारी है और शहर के अलग-अलग इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी कर रहा था। पुलिस ने उसके पास से 13 चोरी के वाहन बरामद किए हैं जिनकी कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट को वाहन चोरी के मामलों पर नियंत्रण के लिए विशेष रूप से सक्रिय किया गया था। टीम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के जरिए संदिग्धों की पहचान की।
जांच के दौरान खरोरा निवासी राहुल वर्मा पर शक गहराया, जो पहले भी चोरी के मामलों में शामिल रह चुका है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने शहर के कई इलाकों से 13 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग जगहों से सभी वाहन बरामद कर लिए हैं। जांच में सामने आया है कि इन मामलों में शहर के कई थानों में पहले से अपराध दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है और अब दोबारा उसी तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है।
