रायपुर। कुणाल सिंह ठाकुर। प्रदेश में नवंबर-दिसंबर 2023 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने अपनी कमर कस ली है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने रणनीति गढ़नी शुरू कर दी है। जिन इलाकों में अल्पसंख्यकों की संख्या अधिक है, वहां बूथ पर मोर्चा अपनी सक्रियता बढ़ाएगा। यह मिशन के रूप में चलेगा। रायपुर पहुंचे भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कुछ ऐसा ही संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा भाजपा को बूथ स्तर पर मजबूत करने में जुटा है। हर मंडल से लेकर एक-एक बूथ स्तर तक जाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है ताकि अल्पसंख्यक समुदाय को इन योजनाओं का लाभ मिल सके।

राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक में शामिल हुए जिलाअध्यक्ष अकबर तिगाला :
भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर एक और दो फरवरी को रायपुर में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी सहित मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, बालोद जिला अध्यक्ष अकबर तिगाला, संपूर्ण कार्यसमिति सदस्य, सभी राज्यों के मोर्चा अध्यक्ष और महामंत्री शामिल हुए। बालोद जिला अध्यक्ष अकबर तिगाला ने कहा कि मोदी सरकार की नीति सबका साथ, सबका विकास की है। देश के विकास का यह मूलमंत्र सब तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय राष्ट्रीय बैठक में आगामी चुनाव के मद्देनर अल्पसंख्यक मोर्चा की भूमिका पर विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई है। बैठक के लिए छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पहुंचे थे।