गरियाबंद/रायपुर। कुणाल सिंह ठाकुर। 21 जून को पुरे विश्व में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का सिद्धांत साफ तौर पर लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। योग दिवस के उपलक्ष्य में भाजपा मंडल और भाजपा महिला मोर्चा फिंगेश्वर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भाजपा महिला मोर्चा द्वारा योग दिवस का कार्यक्रम फिंगेश्वर के सरस्वती शिशु मंदिर मानस भवन में आयोजित किया गया था। बता दें भाजपा महिला मोर्चा की महिलाओं द्वारा सुबह 7 बजे से योग कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी। महिला मोर्चा अध्यक्ष पदमा यदु ने कहा कि “योग दिवस केवल एक दिन नहीं हैं योग करने के लिए, योग का महत्त्व लोगों को समझना पड़ेगा और इसे अपने जीवन में पूर्ण रूप से अपनाना भी पड़ेगा।” वहीं भाजपा मंडल अंतर्गत महिला मोर्चा की कोषाध्यक्ष सीमा ठाकुर ने बताया कि “अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के दिन योग करके लोगों को योग और स्वास्थ्य के लिए जागरूक किया गया। साथ ही क्षेत्र के रहवासियों को योग के महत्त्व और फायदों के बारे में भी समझाया गया।” सीमा ठाकुर ने आगे कहा कि “दौड़भाग भरे इस जीवन में ज्यादा नहीं बस थोड़ा सा समय अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य के लिए निकालना जरुरी है, क्योंकि आज के समय में कमाई के चक्कर में लोग अपने स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं देतें है। लेकिन स्वास्थ्य ख़राब होते ही कमाए गए रुपयों को इलाज में खर्च करते हैं, जो की ठीक बात नहीं है। लोगों को थोड़ा समय स्वास्थ्य के लिए निकालना होगा ताकि भविष्य में अपने और अपने परिवार के इलाज में कमाई ना गवानी पड़े। इसके लिए योग से बड़ा कोई उपाय भी नहीं हैं।” भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित अंतराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में मुख्य रूप से अध्यक्ष पदमा यदु, कोषाध्यक्ष सीमा ठाकुर, महामंत्री भुनेश्वरी साहू, पूर्व अध्यक्ष ज्योति राजपूत, सोशल मीडिया प्रभारी लक्ष्मी श्रीवास्तव, अनीता शर्मा, सुमन श्रीवास समेत बहुत सी महिलाओं उपस्थित थीं।
