बालोद। जाहीद अहमद खान। जिले के डोंडीलोहारा के ग्राम खेरथाबाजार स्थित पोस्ट ऑफिस में 33800 रुपए गबन करने के मामले में तत्कालीन पोस्ट मास्टर पदमिनी कुर्रे (27) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आर्थिक गड़बड़ी की पुष्टि होने के बाद जुलाई में डाक विभाग के उप संभागीय निरीक्षक विकास कुमार सोनी की रिपोर्ट पर पद्मिनी कुर्रे के खिलाफ डौंडीलोहारा थाने में धारा 420, 409 के तहत अपराध दर्ज हुआ था। रिपोर्ट अनुसार 3 मई 2014 से एक अप्रैल 2018 के बीच पोस्ट मास्टर ने आर्थिक गड़बड़ी की है। 9 खाताधारकों का 33 हजार 800 रुपए को खाते में जमा करने के बजाय अपने पास रख लिया। संभागीय निरीक्षक सोनी के अनुसार खेरथाबाजार के खाताधारकों की शिकायत के बाद पासबुक व शासकीय लेजर रिकाॅर्ड से मिलान करने पर गड़बड़ी उजागर हुई। प्रारंभिक जांच के बाद इसकी सूचना प्रवर अधीक्षक डाकघर दुर्ग सिविक सेंटर भिलाई को दी गई। धोखाधड़ी कर शासकीय पद का दुरूपयोग करते हुए राशि का गबन करना प्रमाणित हुआ है। पुलिस व डाक विभाग के अनुसार जितेश कुमार का 1600 रुपए, रुपेश कुमार का 1600, घनश्याम सिंह का 6300, सरला बाई मानिकपुरी का 3300, खोरबाहरा राम का 3000, जमुना बाई का एक हजार, सुकन्या समृद्धि खाताधारक मौसमी बघेल का 6 हजार, डिम्पल का 5 हजार, घनिष्ठा कटझरे का 6 हजार रुपए खाते में जमा नहीं कर तत्कालीन पोस्ट मास्टर ने अपने पास रख लिया। इस प्रकार पदमिनी कुर्रे ने बचत बैंक खातों में 9 हजार 500 रुपए, आवर्ती जमा खातों में 7 हजार 300 रुपए और सुकन्या समृद्धि खातों में 17 हजार कुल 33 हजार 800 रुपए जमा नहीं कर गबन किया है।