रायपुर। कुणाल सिंह ठाकुर। छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री तक की वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री गिरावट होने के आसार हैं। शुक्रवार और शनिवार को प्रदेश में आकाश आंशिक मेघमय रहने तथा प्रदेश के दक्षिणी व पूर्वी भाग में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।
शुक्रवार को बिलासपुर और रायपुर संभाग के पूर्वी जिले, जो ओड़िशा से लगे हुए हैं तथा बस्तर संभाग के जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। 21 दिसंबर को रायगढ़ और उसके आसपास के जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 33.2 डिग्री सुकमा में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री बलरामपुर में दर्ज किया गया।
दो मौसमी तंत्र के प्रभाव से हवा की दिशा में परिवर्तन हुआ है, जिसके कारण दक्षिण छत्तीसगढ में बादल छाए हुए हैं। इसके असर से बीते 24 घंटे में प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि हुई है। अभी भी न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की प्रबल संभावना है।