
दुर्ग, द मीडिया पॉइंट। थाना पुलगांव क्षेत्रांतर्गत जेवरा–सिरसा चौकी के अंतर्गत ग्राम समोदा, झेनझरी एवं सिरसा के मध्य स्थित भूमि में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मौके में शून्य में अपराध पंजीबद्ध किया गया तथा विवेचना के क्रम में खेत में अफीम की फसल पाए जाने पर अन्य संबंधित विभागों को अवगत कराते हुए संयुक्त टीम द्वारा कार्यवाही की गई।
मौके पर निरीक्षण के दौरान पाया गया कि खेत में मक्का/भुट्टे की फसल के बीच-बीच में अफीम के पौधे लगाए गए थे। संयुक्त टीम द्वारा खेत का निरीक्षण कर लगभग 05 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में लगे अफीम के पौधों को जप्त किया गया, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹8 करोड़ आंकी गई है।
दुर्ग पुलिस की अपील : दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अवैध नशीले पदार्थों के उत्पादन, परिवहन एवं व्यापार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
