
बिलासपुर, द मीडिया पॉइंट। बिलासपुर जिले में घरेलू विवाद के चलते एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मकान खाली करने की बात को लेकर हुए झगड़े में पति ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी की जान ले ली। मृतका की पहचान 37 वर्षीय पुष्पलता यादव के रूप में हुई है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार पुष्पलता यादव अपने पति युवराज यादव के साथ नेहरू नगर स्थित MIG-33 में किराए के मकान में रहती थी। रविवार सुबह मकान मालिक ने उनसे घर खाली करने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया।बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी पति ने गुस्से में आकर पत्नी के साथ मारपीट की। इसी दौरान उसने बाथरूम के पास उसका सिर जोर से पटक दिया, जिससे सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।
थाना प्रभारी एस. आर. साहू के अनुसार मकान एक महीने के लिए किराए पर लिया गया था। रविवार सुबह मकान मालकिन ने घर खाली करने की बात कही थी, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की और घटना हो गई।फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
