
भानुप्रतापपुर, द मीडिया पॉइंट। भानुप्रतापपुर क्षेत्र में महिला के साथ छेड़छाड़ का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कार में लिफ्ट देने के बाद दो युवकों ने महिला के साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उसे चलती कार से नीचे धक्का दे दिया, जिससे वह घायल हो गई। मामला कोरर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत महिला इलाज के सिलसिले में कांकेर गई थी। शाम के समय वह वापस भानुप्रतापपुर लौटने के लिए माकड़ी तिराहा पर वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक ईको कार वहां पहुंची, जिसमें महिला सहित तीन लोग सवार हो गए।बताया जा रहा है कि भानुप्रतापपुर से करीब 15 किलोमीटर पहले कार में सवार दो यात्री उतर गए। इसके बाद महिला अकेली रह गई। इसी दौरान कार में मौजूद दोनों आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने विरोध किया और शोर मचाया तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
कुछ दूरी आगे बढ़ने पर भानबेड़ा के पास आरोपियों ने महिला को चलती कार से नीचे धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायल महिला को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रामेश्वर देशमुख के नेतृत्व में पुलिस ने घेराबंदी शुरू की और संदिग्ध कार की तलाश शुरू कर दी। बाद में सूचना मिली कि कार हटकर्रा इलाके में देखी गई है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और भागने की कोशिश कर रहे दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।पुलिस ने आरोपी हरेंद्र पोया, निवासी हरनपुरी थाना कोरर और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि कार को नगरी क्षेत्र से चोरी किया गया था, जिसके संबंध में धमतरी पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।
