बालोद/रायपुर। जाहीद अहमद खान। जिले में जल्द गुंडरदेही से दुर्ग तक सिटी बसों का संचालन फिर से शुरू हो जाएगा। कोरोनाकाल से बंद रहे सिटी बसों का संचालन शुरू करने परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर ने बीते दिनों ही दुर्ग में यातायात विभाग के अधिकारियों की बैठक ली थी। निर्णय लिया गया कि दुर्ग के 16 रूटों में सिटी बसों का संचालन किया जाएगा। इसमें दुर्ग से गुंडरदेही व गुंडरदेही से दुर्ग रूट भी शामिल है। सिटी बस सेवा फिर से शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलेगी। अभी निजी बस सेवा इस रूट पर चल रही है।
इस तरह चलेगी सिटी बस :
मिली जानकारी के मुताबिक सिटी बस दुर्ग रेलवे स्टेशन से राजेंद्र पार्क होते हुए बस स्टैंड, पुलगांव, कोलिहापुरी, चंदखुरी, अंडा, कचांदुर होते हुए गुंडरदेही पहुंचेगी। गुंडरदेही से वापस दुर्ग के लिए रवाना होगी।
दुर्ग से बालोद तक कब मिलेगी सुविधा?
परिवहन विभाग दुर्ग से गुंडरदेही तक सिटी बस का संचालन कर रहा है। दुर्ग से बालोद के लिए एक भी सिटी बस नहीं है। हालांकि बालोद तक भी सिटी बस चलाने की योजना परिवहन विभाग ने साल 2019 में किया था। यह योजना सिर्फ कागजों में ही रह गई है।
बालोद तक सेवा शुरू करने से मिलेगी राहत :
नागरिक तरुण, कुलदीप साहू ने बताया कि बालोद को जिला बने लगभग दस साल हो गया है। सिटी बस का संचालन सिर्फ दुर्ग से गुंडरदेही तक हो रहा है। यह सेवा अभी भी बंद है। इस बस सेवा को बालोद तक कर दिया जाए तो लोगों को काफी राहत मिलेगी। इस ओर शासन-प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। बालोद तक अनिवार्य रूप से सिटी बसों का संचालन करना चाहिए। सिटी बस के संचालन से बालोद से दुर्ग का सफर आसान हो जाएगा व किराया भी कम लगेगा। वर्तमान में लोग निजी बसों का सहारा आने-जाने के लिए ले रहे हैं।