
गरियाबंद, कुणाल सिंह ठाकुर। गुरुवार को वन विभाग को सूचना मिली कि तौरेंगा के ग्राम कोकोड़ी में एक तेंदुआ बस्ती के पास झाड़ियों में छिपा है। सहायक संचालक उदंती (मैनपुर) गोपाल कश्यप ने तुरंत ड्रोन और एंटी पोचिंग टीम को मौके पर बुलाया। ड्रोन फुटेज में तेंदुए के गले पर गहरा घाव दिखाई दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर पाई गई।अंधेरा होने से पहले रेस्क्यू के लिए एसडीओ गोपाल कश्यप ने साहस दिखाते हुए खुद तेंदुए को जाल में पकड़कर रेस्क्यू किया। इस दौरान तेंदुए ने उन पर हमला भी किया। तेंदुए को गजराज वाहन के पिंजरे में सुरक्षित रखकर तौरेंगा रेस्ट हाउस लाया गया। रात 8 बजे डॉक्टर जय किशोर जडिया और उनकी टीम ने तेंदुए को बेहोश कर गले से दो तार वाले फंदे निकाले और इलाज किया।उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि तेंदुआ लगभग 4 साल का नर है, जो करीब 7 दिनों से घायल था। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और स्वस्थ होने के बाद उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा।अज्ञात शिकारियों की जानकारी देने वालों को 5,000 से 10,000 रुपये तक का गोपनीय इनाम दिया जाएगा। जानकारी डीएफओ वरुण जैन के मोबाइल नंबर 7568127875 पर दी जा सकती है।

