
मुंगेली, कुणाल सिंह ठाकुर। नगर में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए नगर पालिका क्षेत्र के सुभाष वार्ड क्रमांक 03 के पार्षद असलम खान मानवीय संवेदनाओं के साथ जरूरतमंदों के बीच सक्रिय नजर आ रहे हैं। ठंड से प्रभावित गरीब, बुजुर्ग, महिलाएं और असहाय परिवारों की परेशानियों को समझते हुए पार्षद असलम खान ने न केवल कंबल वितरण किया, बल्कि उनकी वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए गर्म कपड़ों की व्यवस्था कर मानव सेवा की मिसाल पेश की है।

शीतलहर और कड़ाके की ठंड से राहत दिलाने के उद्देश्य से पार्षद असलम खान द्वारा वार्ड में लगातार संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज एक बार फिर सुभाष वार्ड क्र.03 में जरूरतमंद बुजुर्गों, पुरुषों एवं महिलाओं को कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर लोगों के चेहरे पर राहत और संतोष साफ झलक रहा था। लाभार्थियों ने पार्षद के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें दिल से दुआएं दीं। इस अवसर पर पार्षद असलम खान ने कहा कि “ठंड के इस मौसम में कोई भी व्यक्ति अभाव में न रहे, यही हमारी प्राथमिकता है। जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना हमारा कर्तव्य है।” उन्होंने बताया कि आगे भी जरूरत के अनुसार वार्ड में इस तरह के सेवा कार्य लगातार जारी रहेंगे। गौरतलब है कि पार्षद असलम खान सामाजिक सरोकारों को लेकर हमेशा सक्रिय रहते हैं। इससे पूर्व भी वे जरूरतमंदों की मदद, साफ-सफाई अभियान, स्वास्थ्य एवं सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते रहे हैं। उनके इस निरंतर जनसेवा भाव के चलते वार्ड ही नहीं, बल्कि पूरे नगर में सकारात्मक माहौल बना हुआ है।

कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान वार्ड के नागरिकों ने पार्षद असलम खान की खुले दिल से प्रशंसा की और कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधि ही सही मायनों में जनता की आवाज बनते हैं। लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस जनकल्याणकारी पहल से नगर में मानवता, सहयोग और सेवा की भावना और अधिक मजबूत होती दिखाई दे रही है। इस अवसर पर विष्णु देवांगन, भाजपा मंडल महामंत्री मन्नू लाल श्रीवास्तव,शैलेंद्र यादव,सूरज सोनी वार्ड अध्यक्ष,श्वेता सोनी,पंकज सोनी,ध्रुव सोनी,दिव्यांशु सोनी,नरेश साहू का विशेष योगदान रहा।
