
कवर्धा, कुणाल सिंह ठाकुर। डिप्टी सीएम विजय शर्मा के काफिले के साथ चल रहे एक शासकीय वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए । यह हादसा सिटी कोतवाली क्षेत्र के रेस्ट हाउस के सामने हुआ। जानकारी के मुताबिक डिप्टी सीएम विजय शर्मा का काफिला रेस्ट हाउस से दौरे पर निकल रहा था। इसी दौरान रेस्ट हाउस के मुख्य गेट के पास एक बाइक सवार काफिले की गाड़ी की चपेट में आ गए। हादसा में बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के बाद तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां दोनों घायलों का इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
