
मुंगेली, कुणाल सिंह ठाकुर। पुलिस विभाग से एक अत्यंत दुखद समाचार सामने आया है। जरहागांव थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा का राजस्थान में हुए सड़क हादसे में आकस्मिक निधन हो गया। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। उनके असमय निधन से विभाग के अधिकारी-कर्मचारी ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
नंदलाल पैकरा को एक ईमानदार, अनुशासित और जिम्मेदार पुलिस अधिकारी के रूप में जाना जाता था। वे कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते और उनके समाधान के लिए तत्पर रहते थे।विशेष रूप से गुमशुदा व्यक्तियों और अन्य संवेदनशील मामलों में उनकी सक्रियता उल्लेखनीय रही। वे स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते थे, जिससे जनता के बीच उनकी एक अलग और भरोसेमंद पहचान बनी थी।
थाना प्रभारी के आकस्मिक निधन पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।मुंगेली सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। पुलिस विभाग के लिए यह एक बड़ी और अपूरणीय क्षति मानी जा रही है। नंदलाल पैकरा अपने कर्तव्य के प्रति सदैव समर्पित रहे और उनके निधन से जो रिक्तता उत्पन्न हुई है, उसकी भरपाई कर पाना आसान नहीं होगा। उनके सहकर्मी उन्हें एक प्रेरणादायक अधिकारी के रूप में हमेशा याद रखेंगे।
