
रायपुर, कुणाल सिंह ठाकुर। रायपुर में ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग और पार्ट टाइम जॉब के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रायपुर रेंज साइबर थाना पुलिस ने देश के विभिन्न राज्यों में छापेमारी कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र के 5, उत्तर प्रदेश के 2, जबकि तेलंगाना, मध्यप्रदेश, राजस्थान और ओडिशा से एक-एक आरोपी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, इन आरोपियों के खिलाफ देशभर के 66 थानों और साइबर सेल में पहले से ही शिकायतें दर्ज हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कई बड़ी ठगी की वारदातों को अंजाम दिया।
राखी थाना क्षेत्र में शेयर ट्रेडिंग से भारी मुनाफे का झांसा देकर एक महिला से 89 लाख रुपये की ठगी की गई।
आमानाका थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से 26 लाख रुपये,
तेलीबांधा थाना क्षेत्र में 32 लाख रुपये,
विधानसभा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर 15 लाख रुपये,
जबकि रेंज साइबर थाना क्षेत्र में अधिक मुनाफे का लालच देकर 18 लाख रुपये की ठगी की गई।
पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबर, व्हाट्सएप चैट, सोशल मीडिया गतिविधियों और सीसीटीवी फुटेज के तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के कुछ सदस्य फर्जी बैंक खाते खुलवाने, कुछ ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने, जबकि कुछ आरोपी सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से फर्जी प्रचार कर लोगों को जाल में फंसाने का काम करते थे। इसके अलावा, गिरोह के सदस्य नए लोगों को जोड़ने और प्रमोशनल मैसेज भेजने की जिम्मेदारी भी संभालते थे।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शेयर ट्रेडिंग, ऑनलाइन जॉब या कम समय में अधिक मुनाफे का दावा करने वाले मैसेज, कॉल और सोशल मीडिया विज्ञापनों से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या साइबर हेल्पलाइन पर दें।
