
पेंड्रा, कुणाल सिंह ठाकुर। पेंड्रा के खोडरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रानीझाप से शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। गांव में एक विधवा महिला के साथ मारपीट और अर्धनग्न कर पूरे गांव में घुमाए जाने का मामला सामने आया है घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला के पति का लगभग 1 वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद उसका गांव के ही एक शादीशुदा व्यक्ति से प्रेम प्रसंग चल रहा था बताया जा रहा है। दोनों बीते वर्ष अक्टूबर माह में घर छोड़कर मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में रह रहे थे। हाल ही में जब दोनों गांव लौटे, तो इसे लेकर विवाद की स्थिति बन गई।शुक्रवार को दोनों खोडरी चौकी पहुंचे, जहां महिला ने संबंधित पुरुष के साथ रहने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद वे गांव लौट आए और रात में गांव के ही एक व्यक्ति के घर रुके। शनिवार सुबह गांव में तनाव बढ़ गया और आरोप है कि कुछ लोगों ने महिला के साथ मारपीट की, उसे अर्धनग्न कर गांव में घुमाया।
घटना की जानकारी मिलते ही महिला के परिजन और कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। उसे तत्काल कपड़े पहनाए गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अपने साथ ले गई।पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कानून को हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।यह घटना न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करती है।
