
रायपुर, the media point। रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र के राजीव नगर स्थित एक मकान में छापा मारकर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध हुक्का और प्रतिबंधित हुक्का सामग्री जब्त किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है जिसके कब्जे से करीब एक लाख रुपये मूल्य की सामग्री बरामद की गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा पहले ही नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सतर्क रहते हुए निरंतर निगरानी और कार्रवाई के आदेश दिए गए थे। अभियान के तहत मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था।इसी दौरान 31 जनवरी 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि खम्हारडीह थाना क्षेत्र के राजीव नगर में एक व्यक्ति अपने मकान में अवैध रूप से हुक्का और उससे संबंधित प्रतिबंधित सामग्री का भंडारण कर रहा है।
सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर, पुलिस उपायुक्त क्राइम एंड साइबर स्मृतिक राजनाला तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आकाश मरकाम के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए पते पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान में मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम अशोक मदनी बताया। जांच में मकान से हुक्का पॉट, हुक्का फ्लेवर, गोगो पेपर, रोलिंग पेपर सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई।
पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका और पूछताछ के दौरान पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लगभग एक लाख रुपये मूल्य की अवैध हुक्का सामग्री जब्त की गई।
मामले में थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 31/25 के तहत कोटपा एक्ट की धारा 4(क) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी अशोक मदनी, पिता स्वर्गीय बालू कुमार, उम्र 59 वर्ष, निवासी राजीव नगर, थाना खम्हारडीह बताया गया है।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
