
रायगढ़, द मीडिया पॉइंट। रायगढ़ जिला मुख्यालय में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक अधेड़ व्यक्ति की लाश नाली में पड़ी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।घटना शहर के गौशाला पारा स्थित महिला समृद्धि बाजार के पास की है, जहां आज सुबह स्थानीय लोगों ने नाले में एक व्यक्ति का शव देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने मृतक की पहचान अविनाश शर्मा (उम्र 40 वर्ष), निवासी सरिया के रूप में की है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से मंगलम मैरिज हॉल में वाहन चालक के रूप में कार्यरत था।प्रारंभिक जांच में पुलिस को समृद्धि बाजार की छत पर मृतक के कपड़े और चप्पल मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि अविनाश बीती रात शराब के नशे में छत पर बैठा हुआ था और संतुलन बिगड़ने से नीचे नाले में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।अविनाश शर्मा मूल रूप से सरिया का निवासी था और वर्तमान में चांदमारी क्षेत्र में रहकर मंगलम विवाह घर के संचालक की गाड़ी चलाता था। वह बेहद साधारण और गरीब परिवार से ताल्लुक रखता था। मृतक के परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
