
बिलासपुर, द मीडिया पॉइंट। सोशल मीडिया पर रील बनाने का बढ़ता क्रेज अब छात्रों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। बिलासपुर जिले के एक शासकीय स्कूल में विदाई समारोह के दौरान कुछ छात्रों ने जान जोखिम में डालते हुए खतरनाक स्टंट कर दिया। स्टंट के दौरान स्कूल परिसर में ट्रैक्टर और कार की टक्कर हो गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।मिली जानकारी के अनुसार, सकर्रा स्थित शासकीय स्कूल में विदाई पार्टी चल रही थी। इसी दौरान कुछ छात्र रील बनाने के उद्देश्य से ट्रैक्टर और कार लेकर स्कूल परिसर में घुस गए। स्टंट दिखाने के दौरान दोनों वाहन आपस में टकरा गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, लेकिन घटना ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।बताया जा रहा है कि घटना के समय स्कूल के प्राचार्य और शिक्षक भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन छात्रों को रोकने के बजाय वे मूकदर्शक बने रहे। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन की लापरवाही चर्चा का विषय बन गई है।
