
जांजगीर-चांपा, द मीडिया पॉइंट। जिले के ग्राम सिवनी में शनिवार रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब के नशे में हुए झगड़े के दौरान धारदार हथियार से किए गए हमले में 23 वर्षीय युवक रोशन सूर्यवंशी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 10 से 11 बजे के बीच रोशन सूर्यवंशी कुछ युवकों के साथ तालाब के पास बैठकर शराब पी रहा था।
इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे गाली-गलौच में बदल गई। शोर सुनकर गांव के शैलेन्द्र पांडेय मौके पर पहुंचे और युवकों को समझाकर विवाद शांत कराने की कोशिश की। रोशन ने भी स्थिति संभालने का आश्वासन देते हुए शैलेन्द्र पांडेय को घर लौटने को कहा।करीब आधे घंटे बाद अचानक कुछ लोग शैलेन्द्र पांडेय के घर पहुंचे और बताया कि रोशन के पेट में चाकू से हमला हुआ है। सूचना मिलते ही उन्होंने 112 और एम्बुलेंस को फोन किया। गंभीर रूप से घायल रोशन को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।बताया जा रहा है कि रोशन के साथ मौजूद कुछ युवक बाहर के थे और नशे की हालत में विवाद इतना बढ़ गया कि किसी ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही नैला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।गांव की बीच बस्ती में हुई इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
