
दुर्ग, द मीडिया पॉइंट। मोहन नगर थाना पुलिस ने चोरी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मोहन नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला अपने बेटे के साथ प्रयागराज घूमने गई थी।
घर की देखरेख के लिए उसने अपनी सहेली जागेश्वरी मार्कण्डेय को घर की चाबी सौंपी थी। यात्रा से लौटने के बाद जब महिला के बेटे ने घर का निरीक्षण किया, तो देखा कि मुख्य दरवाजा खुला हुआ है और आलमारी का ताला टूटा पड़ा है।घर के अंदर जांच करने पर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगद रकम गायब मिली। इस पर महिला ने अपनी सहेली से पूछताछ की, जिसमें जागेश्वरी ने चोरी की बात स्वीकार करते हुए सामान लौटाने का भरोसा दिलाया।
हालांकि बाद में उसने न तो जेवर लौटाए और न ही नगदी, जिसके बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने करीब 3 लाख 42 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए। पुलिस के अनुसार, कुल चोरी की रकम लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
