
रायपुर, द मीडिया पॉइंट। राजधानी रायपुर में क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी के एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। शहर में संचालित फर्जी कॉल सेंटरों के जरिए अमेरिका के नागरिकों को निशाना बनाकर ठगी की जा रही थी। पुलिस ने छापेमारी कर 40 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, ये कॉल सेंटर गंज थाना क्षेत्र में एक और राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों पर चलाए जा रहे थे। इसके अलावा फाफडीह इलाके में भी एक बड़े कॉल सेंटर के संचालन का खुलासा हुआ है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 20 लैपटॉप, 50 डेस्कटॉप और करीब 50 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को Amazon और Apple के कस्टमर केयर अधिकारी बताकर अमेरिकी नागरिकों को अपने जाल में फंसाते थे। गिरोह इंटरनेट पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर इस तरह अपलोड करता था कि वे गूगल सर्च में सबसे ऊपर दिखाई दें। जब विदेशी नागरिक मदद या रिफंड के लिए इन नंबरों पर कॉल करते थे तो कॉल सेंटर में मौजूद डायलर उनसे संपर्क कर ठगी को अंजाम देते थे। आरोपियों द्वारा लोन दिलाने, रिफंड प्रोसेस करने और तकनीकी सहायता देने का झांसा दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार, ये कॉल सेंटर मुख्य रूप से रात के समय संचालित किए जाते थे ताकि अमेरिका और यूरोप के टाइम जोन के अनुसार लोगों को टारगेट किया जा सके। गिरफ्तार आरोपियों में गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों के युवक-युवतियां शामिल हैं। इनमें से कई लोग 15 से 20 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह संगठित तरीके से अलग-अलग शहरों में अस्थायी कॉल सेंटर खोलकर ठगी करता था ताकि कानून की नजर से बचा जा सके। मामले में आगे की जांच जारी है।
