
बिलासपुर, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर से एक गंभीर मामला सामने आया है। बिल्हा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका 8 महीने की गर्भवती पाए जाने के बाद पुलिस ने उसके सौतेले पिता को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाबालिग छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकीय जांच के दौरान उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया।पुलिस पूछताछ में बालिका ने अपने सौतेले पिता पर गंभीर आरोप लगाए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इस बीच आरोपी फरार हो गया था जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई।मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को शिवरीनारायण क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है।
