
कोरबा, द मीडिया पॉइंट। कोरबा जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। बांगो थाना क्षेत्र के झरना मोड़ के पास कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो तेज रफ्तार कारों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई है। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हादसा मध्यरात्रि के आसपास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मृतकों की पहचान 42 वर्षीय धनपत यादव और 43 वर्षीय इन्द्रजीत गोण्ड के रूप में हुई है। दोनों सरमा-कोरबी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस तथा 112 आपातकालीन सेवा को जानकारी दी। पुलिस टीम ने पहुंचकर घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सभी घायलों को पहले पोड़ी-उप्रोड़ा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि, विस्तृत जांच जारी है। राहत की बात यह रही कि कारों में लगे एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे कुछ यात्रियों की जान बच सकी।पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
