
बिलासपुर, द मीडिया पॉइंट। रतनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कोटा रोड स्थित जुनाशहर के पास की है, जहां दो बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार, कोटा में पदस्थ रेलवे कर्मचारी भौरीडीह निवासी मनहरण कमल (पिता गणेश राम) शुक्रवार शाम ड्यूटी के लिए अपनी बाइक से निकले थे। इसी दौरान सामने से आ रही शिवकुमार धनुवार की बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार मनहरण कमल और शिवकुमार धनुवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में शिवकुमार की बाइक पर सवार कृष्ण कुमार धनुवार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
