
दुर्ग, भिलाई, द मीडिया पॉइंट। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में छापा मारकर भारी मात्रा में गांजा और प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद की हैं। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ड्रीम सिटी क्षेत्र के एक मकान में बाहरी लोगों द्वारा अवैध मादक पदार्थों का भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान से 9.292 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है, तथा 1050 प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल, जिनकी कीमत करीब 4 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है, बरामद किए गए।
इसके अलावा पुलिस ने मौके से 2 लाख 44 हजार रुपए नकद, 6 मोबाइल फोन, एक हुंडई कार और एक बाइक भी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख 43 हजार रुपए बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में अब्दुल लतीफ और अब्दुल आकीफ (निवासी टिटलागढ़, उड़ीसा) तथा प्रिंस कुमार, जितेंद्र सिंह और बाबू अली (निवासी खुर्सीपार, भिलाई) शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है और आगे की जांच जारी है।
