
बिलासपुर, द मीडिया पॉइंट। बिलासपुर में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सकरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर, 25 ग्राम गांजा और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।थाना प्रभारी विजय कुमार चौधरी के अनुसार 27 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि हमीद अंसारी (33), निवासी तैयबा चौक तालापारा, आसमा सिटी मेण्ड्रा रोड क्षेत्र में ब्राउन शुगर की पुड़िया लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके पास से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी अमन तिवारी (24) और ईशांत सिंह मंडलोई (24) के जरिए प्रयागराज से ब्राउन शुगर और गांजा मंगवाता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर रामा लाइफ कॉलोनी स्थित मकान की तलाशी ली, जहां से 25 ग्राम गांजा, चिलम और लाइटर जब्त किए गए। तलाशी के दौरान किसी प्रकार का अवैध हथियार बरामद नहीं हुआ। मौके से अमन तिवारी को भी हिरासत में लिया गया।
पुलिस के मुताबिक ईशांत सिंह मंडलोई हाल ही में चर्चित थार वाहन मामले में भी आरोपी रहा है। उस मामले में तेज रफ्तार वाहन में हथियार लहराते युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। ईशांत फिलहाल आर्म्स एक्ट के एक अन्य प्रकरण में जेल में बंद है।पुलिस ने हमीद अंसारी और अमन तिवारी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
