बलौदाबाजार, द मीडिया पॉइंट। बलौदाबाजार जिले में अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले एक शातिर बदमाश को हथबंद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुनसान रास्तों पर महिलाओं को लिफ्ट देने का झांसा देता था और फिर जेवरात व नकदी लूटकर फरार हो जाता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट के जेवर, 80 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और लोहे का औजार बरामद किया है।


मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने सुहेला, सिमगा और हथबंद मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।


एसपी भावना गुप्ता के अनुसार, आरोपी बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देता था। वह सड़क पर अकेली महिला को देखकर लिफ्ट की पेशकश करता और सुनसान स्थान पर ले जाकर डराकर जेवर व नकदी लूट लेता था। वारदात के बाद वह तेजी से फरार हो जाता था, जिससे पीड़िताएं उसकी पहचान नहीं कर पाती थीं।
जांच में पता चला है कि आरोपी हथबंद के पास ग्राम कुकराचुंदा का निवासी है। वह दुर्ग क्षेत्र में भी करीब पांच घटनाओं में शामिल रहा है, जहां उसकी तलाश की जा रही थी। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और अन्य मामलों में भी उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।


पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही महिलाओं से अपील की गई है कि वे अनजान लोगों से लिफ्ट लेने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

By Kunaal Singh Thakur

KUNAL SINGH THAKUR HEAD (प्रधान संपादक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! You are not allowed to copy this page, Try anywhere else.