
रायपुर, द मीडिया पॉइंट। होली के त्योहार के दौरान इस साल छत्तीसगढ़ में शराब बिक्री ने सभी पुराने रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए। आबकारी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, होली से एक दिन पहले 3 मार्च को प्रदेशभर में करीब 128 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री दर्ज की गई, जो अब तक एक दिन में हुई सबसे अधिक बिक्री मानी जा रही है।इससे पहले 31 दिसंबर को नए साल के अवसर पर करीब 124 करोड़ रुपये की शराब बिक्री का रिकॉर्ड बना था। हालांकि इस बार होली के मौके पर यह आंकड़ा भी पार हो गया। वहीं होली के बाद 5 मार्च को भी शराब की बिक्री में तेजी देखी गई और उस दिन करीब 50 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री हुई।आबकारी विभाग के अनुसार सामान्य दिनों में प्रदेश में प्रतिदिन औसतन करीब 40 करोड़ रुपये की शराब बिकती है, लेकिन त्योहारों के दौरान यह आंकड़ा काफी बढ़ जाता है।
हर साल की तरह इस बार भी होली के दिन प्रदेश में शुष्क दिवस (ड्राई डे) घोषित किया गया था। हालांकि नई आबकारी नीति में सरकार ने कुछ शुष्क दिवसों को हटाने का फैसला लिया था। बाद में विरोध के बाद होली के अवसर पर फिर से शुष्क दिवस घोषित किया गया। वहीं इस साल महात्मा गांधी निर्वाण दिवस और मोहर्रम पर पहले से लागू ड्राई डे को हटाने का निर्णय लिया गया है।
