
रायपुर, द मीडिया पॉइंट। गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस ने रायपुर के घड़ी चौक में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में गैस सिलेंडर लेकर घड़ी चौक स्थित सरकारी कार्यालयों के सामने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और महंगाई को लेकर विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने चूल्हे पर खाना बनाकर प्रतीकात्मक विरोध किया। उनका कहना था कि गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों के कारण आम महिलाओं के लिए रसोई चलाना मुश्किल हो गया है और कई परिवारों को फिर से पारंपरिक चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है।कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये और व्यावसायिक सिलेंडर में 110 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।आंदोलन तेज करने की चेतावनीजिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि से आम जनता परेशान है और कांग्रेस इस मुद्दे को लगातार उठा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर सांसदों के आवास का घेराव भी किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि जब भी केंद्रीय मंत्री छत्तीसगढ़ आएंगे, तब कांग्रेस कार्यकर्ता उनके सामने भी महंगाई का मुद्दा उठाएंगे। पार्टी का कहना है कि जब तक महंगाई को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

