
गरियाबंद, द मीडिया पॉइंट। जिले के देवभोग क्षेत्र में एक ट्रक के बिजली खंभे से टकराने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने ट्रक को रातभर रोककर रखा, जिसके चलते बारिश में ट्रक में लदी लाखों रुपये की खाद खराब हो गई। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।जानकारी के अनुसार, होरा ट्रांसपोर्ट का रासायनिक खाद से भरा ट्रक झिरिपानी सहकारी समिति पहुंचा था। बुधवार रात करीब 11 बजे ट्रक अनियंत्रित होकर पास के बिजली खंभे से टकरा गया, जिससे खंभा क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने ट्रक को आगे बढ़ने से रोक दिया। उन्होंने रास्ते में लकड़ी और पत्थर रखकर वाहन को घेर लिया और रातभर पहरा देते हुए उसे वहीं खड़ा रखा। ग्रामीणों की मांग थी कि जब तक बिजली खंभे की मरम्मत नहीं होती, ट्रक को नहीं छोड़ा जाएगा।इसी दौरान रात में हुई बारिश से ट्रक में लदी करीब 500 बोरी रासायनिक खाद, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है, भीगकर खराब हो गई।ट्रांसपोर्ट कंपनी के प्रतिनिधि ने बताया कि बिजली विभाग को खंभे की मरम्मत के लिए सूचित कर दिया गया था, लेकिन ग्रामीण ट्रक छोड़ने के लिए तैयार नहीं थे। मामले की जानकारी प्रशासन को भी दी गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश दी। लंबी बातचीत के बाद आखिरकार ग्रामीणों ने ट्रक को जाने की अनुमति दे दी। पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
